नईदिल्ली(ए)। उत्तर पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। पंजाब में तो पारा 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जबकि राजस्थान में कुछ जगहों पर 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन राजस्थान और गुजरात में लू का अलर्ट जारी किया। वहीं, हिमाचल समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, जिसके 20 अप्रैल तक जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल के लिए बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद के 3-4 दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। अगले 4 दिनों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे बाद और गुजरात में अगले दो दिन बाद तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 19 अप्रैल तक राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर लू चल सकती है। 17 अप्रैल को गुजरात में गर्व हवाएं चलेंगी। इस दौरान केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। 18 अप्रैल तक राजस्थान के कई हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रात में भी गर्मी महसूस की जा सकती है।
उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश…मैदानों में गर्मी-लू का अलर्ट; आईएमडी ने दी ये चेतावनी
19