
नईदिल्ली (ए)। नईदिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई है। 12 लोग घायल हो गए हैं। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। रेल सुरक्षा बल के DG घटनास्थल पर पहुंचे हैं।
एलएनजेपी अस्पताल में कुल 15 लोगों की मौत हुई है। इसमें 11 महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। कुछ लोगों को लेडी हार्डिंग अस्पताल में लाया गया है। बैरिकेड लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया है। किसी को भी लोकनायक अस्पताल के तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर हुई। कॉल रात 21:55-21:56 बजे मिली। मौके पर कुल चार दमकल गाड़ियां भेजी गईं।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार (15 फरवरी) देर रात भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर हुआ, जहां प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के लिए उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। महाकुंभ में शामिल होने के लिए हजारों यात्री स्टेशन पर पहुंचे थे, जिससे भीड़ का दबाव बढ़ गया और स्थिति अनियंत्रित हो गई। स्टेशन पर मची भगदड़ की जांच के लिए रेलवे ने दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (X) पर एक पोस्ट में इस हादसे पर दुख जताया।
दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री अतिशी ने पहले पत्रकारों को बताया कि मध्य दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया। इनमें से सिर्फ दो को छोड़कर बाकी सभी की पहचान कर ली गई। मृतकों में कम से कम तीन बच्चे शामिल हैं। अतिशी ने बताया कि लगभग 15 लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई मौतों पर शोक जताया।
उन्होंने लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता कर रहा है।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मची, जिसमें दम घुटने की वजह से कई यात्री बेहोश हो गए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। पूरी टीम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए काम कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। एक ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं।