Home देश-दुनिया रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ: मंत्री के विभागों का हुआ बंटवारा, कैबिनेट की हुई पहली बैठक

रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ: मंत्री के विभागों का हुआ बंटवारा, कैबिनेट की हुई पहली बैठक

कैबिनेट ने यमुना किनारे स्थित वासुदेव घाट पर की पूजा-अर्चना, सीएम को मिली Z कैटगरी की सुरक्षा, देखें पूरी लिस्ट

by admin

नईदिल्ली(ए)। भाजपा की रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। रामलीला मैदान में उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम भी मंच पर मौजूद रहे। रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलवाई इसके बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और अंत में रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ली।

दिल्ली करीब 27 साल के बाद एक निर्णायक जनादेश के साथ बीजेपी की वापसी हुई है। रेखा गुप्ता की अगुवाई में नई सरकार ने शपथ ले ली है। इस नई बीजेपी सरकार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा जिनमें अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करना, पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना, शहर के प्रदूषण और बुनियादी ढांचे की समस्याओं को ठीक करना और यमुना की सफाई शामिल है। भाजपा सरकार को राष्ट्रीय राजधानी की वित्तीय सेहत पर नजर रखते हुए ये सारे काम करने होंगे। अपने गठन के बाद से पहली बार सत्ता से बाहर हुई आम आदमी पार्टी अब विपक्ष में होगी, और भाजपा पर दबाव बनाएगी।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के विभाग

1. रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री

वित्त, योजना, सामान्य प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, सेवाएं, राजस्व, भूमि एवं भवन, सूचना एवं जनसंपर्क, सतर्कता, प्रशासनिक सुधार विभाग। कोई अन्य विभाग, जो मंत्रियों को आवंटित न हो।

 

2. प्रवेश साहिब सिंह, कैबिनेट मंत्री

पीडब्ल्यूडी, विधायी मामले, सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग, जल, गुरुद्वारा चुनाव विभाग।

 

3. आशीष सूद, कैबिनेट मंत्री

गृह, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा।

 

4. सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, कैबिनेट मंत्री

खाद्य एवं आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण और उद्योग विभाग

 

5. रविंदर सिंह (इंद्रराज), कैबिनेट मंत्री

समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता और चुनाव विभाग।

6 कपिल मिश्रा, मंत्री

कानून एवं न्याय, श्रम विभाग, रोजगार, विकास विभाग, संस्कृति, कला व भाषा, पर्यटन विभाग

 

7. डॉ. पंकज कुमार सिंह, मंत्री

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को पहली कैबिनेट बैठक से पहले यमुना किनारे स्थित वासुदेव घाट पर पूजा-अर्चना की। उनके नेतृत्व में पूरी कैबिनेट ने आरती की। दिल्ली के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब पूरी कैबिनेट ने एक साथ मिलकर यमुना की आरती की हो।

दिल्ली सरकार ने गुरुवार रात आयुष्मान योजना को मंजूरी दे दी। साथ ही, विधानसभा सत्र की पहली बैठक में आप सरकार के कार्यकाल में आई सीएजी की 14 रिपोर्टों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। इसका फैसला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक में लिया गया। इसमें महिला सम्मान योजना पर भी चर्चा हुई, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका।

 

उनके बाद प्रवेश साहिब सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य, और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे।

बता दें कि बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।”
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था। गत 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। भाजपा को 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिली थी। उसने 70 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी 22 पर सिमट गई।

Share with your Friends

Related Posts