नईदिल्ली(ए)। उत्तर भारत समेत पूरे देश में गर्मी ने दस्तक दे दी है और तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने ओडिशा में 16 से 18 मार्च के बीच हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, विदर्भ और उत्तरी तेलंगाना में आज (16 मार्च) और कल (17 मार्च) हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में आज हीटवेव की स्थिति रहेगी, जबकि उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 18 से 20 मार्च के बीच तापमान बढ़ने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और यहां आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अरुणाचल प्रदेश में आज और कल (16 और 17 मार्च) तेज बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, असम, लक्षद्वीप, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल और माहे में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अरुणाचल प्रदेश में आज और कल (16 और 17 मार्च) तेज बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और मिजोरम में भी अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ घंटों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज (16 मार्च) बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर पश्चिम भारत में अगले चार से पांच दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मध्य भारत में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा, लेकिन इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।