Home छत्तीसगढ़ ‘दम तोड़ रहा नक्सलवाद और आतंकवाद’ : नड्डा बोले- आदिवासियों के सबसे बड़े हितैषी हैं पीएम मोदी

‘दम तोड़ रहा नक्सलवाद और आतंकवाद’ : नड्डा बोले- आदिवासियों के सबसे बड़े हितैषी हैं पीएम मोदी

by admin

सूरजपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को सूरजपुर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य की सभी 11 सीट पर छत्तीसगढ़ की जनता ने कमल खिलाने का मन बना लिया है। यहां प्रचंड गर्मी में उपस्थित विशाल जनसमूह मोदी सरकार को तीसरी बार मिलने जा रहे प्रचंड बहुमत का शंखनाद है। नड्डा ने कहा कि पिछले दस साल के विकास कार्यों से देश विकसित भारत के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है। मोदीजी ने रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र से देश की राजनीति को बदल दिया है। अब झूठे वादे नहीं चलेंगे। भाजपा जो कहती है वह करती है।हमने रिपोर्ट कार्ड और अकाउंटिबिलीट पॉलिटिक्स शुरू की है।

नड्डा ने कहा कि सरगुजा क्षेत्र ने विधानसभा चुनाव में सभी 14 सीट पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया, यह हश्र राज्य की सभी लोकसभा सीट में दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को कांग्रेस ने सिर्फ भाषण और लोकलुभावनी बातें दी, उनके विकास की कभी चिंता नहीं की। 15 नवंबर को आज पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाता है। मोदीजी की दूरदृष्टि से महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी आज महिला सशक्तिकरण एवं जनजातीय समाज का गौरव हैं। नड्डा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में एकलव्य स्कूलों का बजट 21 गुना बढ़ा दिया गया है।

वनोपज के 90 उत्पाद एमएसपी के दायरे में लाए जा चुके हैं। वनधन विकास केंद्र में 4 हजार करोड़ रुपये का खर्च हो रहा है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस हर दिन एक नया भ्रम फैलाती है, कभी कहती है मोदीजी तीसरी बार पीएम बनेंगे तो सविधान खत्म हो जाएगा, कभी कहती है आरक्षण तो कभी कहती है कि निशुल्क राशन मिलना बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदीजी ने गारंटी दी है कि हर योजना और गति से आगे बढ़ेगी। साय ने कहा कि हम भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस सरकार के किसी भी नेता और अधिकारी को नहीं छोड़ेंगे।

उन्होंने कहा तीसरी बार देश की बागडोर संभालते ही गरीब, पिछड़े, वँचित, किसान, युवाओं के लिए हो रहे कार्य और मज़बूती से होंगे।

अपने संबोधन में भाजपा सरगुजा लोकसभा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने कहा कि हम सभी संकल्प लेते हैं कि 7 मई को सरगुजा में भारी मतों से भाजपा को विजयी बनाकर अबकी बार 400 पार के मंत्र को साकार करेंगे। चिंतामनि महाराज ने कहा कि कांग्रेस को पता चल गया है कि उसकी लोकसभा में बुरी स्थिति होगी, इसलिए अभी से बहाने तलाशे जा रहे हैं।

Related Posts