बालोद –
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कल तहसील मुख्यालय डौण्डी में नवनिर्मित कृष्ण कुंज सहित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, तहसील कार्यालय और धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। कलेक्टर ने कृष्ण कुंज पहुॅचकर रोपे गए पौधों की जानकारी ली। उन्होंने वहाॅ आम लोगों के पहुॅचने हेतु सुगम पहुॅच मार्ग के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कृष्ण कुंज में नीम का पौधा लगाया और रोपे गए सभी पौधों के उचित रखरखाव व सुरक्षा के निर्देश संबंधितों को दिए। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में कृष्ण कुंज की स्थापना कर धार्मिक महत्व के पौधों के साथ ही फलदार, छायादार व औषधीय पौधे लगाए गए हैं।
कलेक्टर श्री शर्मा ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों से उनके पढ़ाई के संबंध में चर्चा की और लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिसका विद्यार्थियों ने बेहतर जवाब भी दिया। कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को खूब मन लगाकर पढ़ाई करने प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने भौतिकी प्रयोगशाला में प्रयोग कर रही छात्राओं से भी चर्चा की और उन्हें भौतिकी से जुड़े कुछ नियम भी प्रयोग के माध्यम से समझाए। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय डौण्डी का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और राजस्व प्रकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर की और प्रकरणों का निराकरण शीघ्र करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आर.बी.सी.6-4 के प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र डौण्डी पहुॅचकर वहाॅ चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में नमी मापक यंत्र, कांटा-बाट, बारदाना, पेयजल, छाया, शौचालय आदि की उपलब्धता जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएॅ सुनिश्चित करने के निर्देश समिति प्रबंधक को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ.रेणुका श्रीवास्तव, एस.डी.एम. श्री मनोज मरकाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय और धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण
84